नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा है कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के जीवन से जुड़ा है। यदि सभी यातायात नियमों का पालन करें और आपात परिस्थितियों में सही जानकारी रखें तो अनेक जीवन बचाए जा सकते हैं। भोंडवे ने ये बातें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरुक करने के लिए विभाग की ओर से आयोजित सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा प्रशिक्षण सह कार्यशाला में कहींं। आगे संकेत भोंडवे ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में जिम्मेदार नागरिक भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस दौरान सड़क सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता एवं जीवन रक्षा से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में आयुक्त नगर निगम संस्कृति जैन ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। पुलिस आयुक्त बोले- थोड़ी सी लापरवाही जीवनभर का नुकसान बन सकती है पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायण चारी मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में असामयिक मृत्यु के अधिकांश मामले 25 से 50 आयु वर्ग के युवाओं के होते हैं। इसका प्रमुख कारण हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करना है। युवा वर्ग को यह समझना होगा कि थोड़ी सी लापरवाही जीवनभर का नुकसान बन सकती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वाहनों में उपलब्ध आधुनिक तकनीकों का सकारात्मक उपयोग करें। जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, दुर्घटना स्थल पर सुरक्षित सहायता, आपात सेवाओं से समन्वय और जीवन रक्षा से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।


