भास्कर न्यूज | कवर्धा नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस अलर्ट मोड पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर गुंडा, बदमाशों पर नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में कुकदूर पुलिस ने महिला से मारपीट, जबरन वसूली के मामले में आरोपी शाकिर खान निवासी कुई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी का जुलूस निकाला और उसे जेल भेजा। ताकि बाकी असमाजिक तत्वों को सबक मिल सके। डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के मुताबिक आरोपी शाकिर खान गांजा तस्करी के मामले में जेल में बंद था। कुछ माह पूर्व ही जेल से छूटा था। बाहर आते ही उसने पुनः गांव में दादागिरी, मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। 5 फरवरी को आरोपी ने एक महिला से मारपीट की थी। इससे पहले 29 सितंबर 2024 को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रामजी पनिका निवासी ग्राम राली से जबरन पैसे मांगे। इंकार करने पर डंडे से गंभीर मारपीट कर दी थी। मामले में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया था। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ धारा 119(2) बीएनएस जोड़ी गई है।


