प्रतापगढ़ में गुरुवार देर रात बमोतर मुख्य सड़क मार्ग पर हुए एक हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दलौदा थाना क्षेत्र के अमलाबाद निवासी अनिल (38) पिता चेनपुरी के रूप में हुई है। घायल हालत में पहुंचाया हॉस्पिटल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनिल गुरुवार देर रात अपनी स्कूटी से कुलमीपुरा स्थित अपने मामा के घर जा रहा था। बमोतर मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना 108 एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल अनिल को प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामा ने दर्ज कराई रिपोर्ट घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार को मृतक के मामा दयालपुरी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अनिल शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां हैं। वह निजी तौर पर गांवों में जाकर उपचार (मेडिकल प्रैक्टिस) का काम करता था। जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामा की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।


