आलीराजपुर जिले की 34 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने एकजुट होकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। सरपंच संघ के अध्यक्ष नरसिंह भूरिया और जनपद अध्यक्ष जगदीश गणावा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई गई। सरपंचों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते पंचायतों की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। भ्रामक वीडियो और भ्रष्टाचार के आरोपों पर विवाद सरपंचों का कहना है कि ‘बाप’ पार्टी के पदाधिकारी दिनेश निनामा सारिग और उनके कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर 34 पंचायतों पर करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में बताया गया कि बिना किसी जांच या ठोस सबूत के इस तरह के वीडियो वायरल करने से जनप्रतिनिधियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। सरपंचों ने इसे तथ्यों से परे और पूरी तरह निराधार बताया है। 10-10 हजार रुपये मांगने का आरोप शिकायत में सरपंचों ने आरोप लगाया कि संबंधित पदाधिकारी उनसे 10-10 हजार रुपए की मांगते है। सरपंच संघ ने प्रशासन को लिखित शिकायत कर दिनेश निनामा और उनके साथियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई मांग की है। प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग एसडीएम कार्यालय पहुंचे सरपंचों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन बिना प्रमाण के आरोप लगाना गलत है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की अपील की है। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।


