खैरथल में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा ने ‘विकसित भारत-जी राम जी’ (वीबी-जी राम जी) योजना के बारे में कर्मियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने केंद्र सरकार की इस नई ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की विशेषताओं से अवगत कराया। ‘भाजपा ने ग्रामीण रोजगार को नई दिशा दी’ मनीष शर्मा ने बताया- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने ग्रामीण रोजगार को नई दिशा देते हुए ‘वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025’ लागू किया है। इस अधिनियम के तहत रोजगार गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। साथ ही, यदि 15 दिन में कार्य नहीं मिलता है, तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी किया गया है। ‘यूपीए के शासन में नहीं हुआ ग्रामीणों का विकास’ उन्होंने कहा- यूपीए शासनकाल में मनरेगा योजना भ्रष्टाचार, कुशासन और कमजोर परिसंपत्ति सृजन से ग्रसित थी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक विकास नहीं हो सका। इन कमियों को दूर करते हुए, एनडीए सरकार ने ग्रामीण विकास, सुदृढ़ता और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया है। वीबी-जी राम जी योजना की प्राथमिकताएं बताई मंडल अध्यक्ष ने ‘वीबी-जी राम जी’ योजना की चार प्रमुख प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। इनमें जल सुरक्षा (जल स्रोतों का संरक्षण, सिंचाई और नवीनीकरण), ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर (सड़क, स्कूल, स्वच्छता एवं आवास निर्माण), आजीविका से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर (बाजार, भंडारण, मत्स्य पालन, पशुधन परिसंपत्तियां और कौशल विकास केंद्र) तथा आपदा निवारण (आश्रय स्थल, तटबंध, बाढ़ नियंत्रण एवं वन अग्नि प्रबंधन प्रणालियां) शामिल हैं। कांग्रेस पर भ्रमित करने का आरोप लगाया मनीष शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘भारत-जी राम जी’ कर्मियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और यूपीए शासन में योजनाओं के नाम परिवार केंद्रित रखे गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने परिवारवाद को समाप्त कर जन-जन के आराध्य भगवान राम के नाम पर इस योजना का नामकरण किया है। इस कार्यक्रम में मंडल महामंत्री तरुण दुलानी और मीडिया प्रमुख धीरज यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


