बाइस गोदाम सर्किल पर ऑडी ड्राइवर का हाईवोल्टेज ड्रामा:एंबुलेंस को रोका, मरीज की जान से किया खिलवाड़

राजधानी जयपुर के बाइस गोदाम सर्किल पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक ऑडी कार चालक ने बीच सड़क पर एंबुलेंस को रोककर हाईवोल्टेज ड्रामा किया। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस के आगे ऑडी कार अड़ाकर युवक ने उसकी चाबी निकालने की कोशिश की और एंबुलेंस चालक से हाथापाई पर उतर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑडी चला रहे युवक ने पहले एंबुलेंस को रोका और फिर ड्राइवर की कॉलर पकड़ ली। जवाब में एंबुलेंस चालक ने भी युवक की कॉलर पकड़ ली। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग और ट्रैफिक पुलिस कर्मी दोनों ही हैरान रह गए। यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ, जब ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को समझाइश दी। पुलिस और लोगों की समझाइश के बाद युवक ने एंबुलेंस को आगे जाने दिया, जिससे मरीज को राहत मिल सकी। इस पूरे हंगामे का वीडियो वहां तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बताया जा रहा है कि वीडियो में ऑडी चालक का आक्रामक व्यवहार साफ दिखाई दे रहा है। पूरे घटनाक्रम के दौरान एंबुलेंस में मरीज मौजूद था, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। जानकारी के अनुसार, जिस सफेद रंग की ऑडी कार से युवक आया था, उसका नंबर DL 10 CM 0234 है। यह कार कार्तिक शर्मा पुत्र राजेश कुमार शर्मा के नाम से पंजीकृत है। जांच में यह भी सामने आया है कि वाहन का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट 5 नवंबर 2025 को ही समाप्त हो चुका है। वहीं, इसी गाड़ी पर 5 अक्टूबर 2025 को ओवरस्पीडिंग का चालान भी किया गया था, जो अब तक लंबित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एंबुलेंस और ऑडी चालक के बीच आगे वाहन निकालने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गया। बीच चौराहे पर युवक द्वारा किए गए उत्पात के गवाह वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी और आमजन रहे, जिन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। मामले को लेकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आपातकालीन सेवाओं में बाधा डालना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *