भास्कर न्यूज | गिरिडीह जिले भर के सरकारी एवं निजी स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा तक के स्टूडेंट्स की जानकारी एक क्लिक में निकल सकेगी। इतना ही नहीं, अगर किसी छात्र की मार्कशीट या अन्य दस्तावेज खो गए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। छात्रों की अपार आईडी (ऑटोमेटिक परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्टर) बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह योजना वन नेशन वन आईडी के तहत चलाई जा रही है।सरकारी और निजी स्कूलों में कुल विद्यार्थियों की संख्या 06 लाख 297 है। जिसमें से 02 लाख 90 हजार का आधार वेरिफाई हो चुका है। साथ ही 01 लाख 96 हजार विद्यार्थियों का अपार आईडी जेनरेट हो गया है। जबिक और 93 हजार 431 विद्यार्थियों का अपार आईडी जेनरेट किया जाना बाकी है। डीएसई मुकुल राज ने कहा कि अपार आईडी का मुख्य उद्देश्य छात्रों को शैक्षिक दस्तावेजों में पारदर्शिता लाना है। जिले भर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 10-11 फरवरी को थर्ड मेगा अपार दिवस का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय अभियान में कक्षा 9-12वीं तक के विद्यार्थियों पर विशेष तौर पर फोकस किया जाएगा। जिले भर के सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी बनाया जा रहा है। अपार आईडी योजना के अनुसार भारत सरकार की ओर से प्रत्येक छात्रों को 12 अंकों का एक यूनिक नंबर जारी किया जाएगा। इस अपार आईडी में छात्रों की पढ़ाई से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसमें मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम पीटीएम उपस्थिति सहित अन्य जानकारी भी रहेगी।


