बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जितेन्द्र अपनी पत्नी शोभा कपूर का जन्मदिन मनाने जयपुर पहुंचे हैं। कपूर परिवार का यह निजी और खास सेलिब्रेशन 1 फरवरी को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले परिवार के सदस्य राजस्थान के विभिन्न स्थलों पर समय बिताते नजर आए।
इसी बीच जयपुर एयरपोर्ट पर बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी भी नजर आए। वे जयपुर में आयोजित एक अवॉर्ड फंक्शन में शिरकत करने के लिए शहर पहुंचे हैं। जितेन्द्र की बेटी और जानी-मानी निर्माता एकता कपूर अपने बच्चों के साथ सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क पहुंचीं, जहां उन्होंने जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान एकता कपूर ने प्रसिद्ध बाघिन रिद्धि और उसके शावकों के दीदार किए। प्रकृति और वन्यजीवों के बीच बिताए इन पलों की तस्वीरें और अनुभव उनके लिए खास रहे। वहीं, जितेन्द्र के बेटे और बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर भी अपने बच्चों के साथ शनिवार को जयपुर पहुंचेंगे। 1 फरवरी को पूरा कपूर परिवार मिलकर शोभा कपूर का जन्मदिन मनाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले जितेन्द्र ने भी अपना 75वां जन्मदिन वर्ष 2017 में जयपुर में ही मनाया था, जिससे साफ है कि कपूर परिवार का जयपुर से गहरा जुड़ाव रहा है। जयपुर एयरपोर्ट पर जितेन्द्र के पहुंचते ही उनके प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में फैन्स उनके साथ फोटो खिंचवाते नजर आए। जितेन्द्र ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया और किसी को निराश नहीं किया। वहीं, शोभा कपूर व्हीलचेयर की सहायता से एयरपोर्ट से बाहर आती नजर आईं। यहां तक की एक सुरक्षाकर्मी ने जब फोटो के लिए जितेन्द्र से रिक्वेस्ट की तो वे अपनी गाड़ी से निकल आए और फोटो क्लिक करवाई। कपूर परिवार का जयपुर से विशेष लगाव रहा है। निर्माता एकता कपूर अपने लगभग हर नए प्रोजेक्ट की सफलता के लिए जयपुर स्थित काले हनुमानजी मंदिर में पूजा-अर्चना करती रही हैं।
वीडियो सहयोग: प्रिंस शर्मा


