जयपुर में ऑडी ड्राइवर ने बीच सड़क पर रोकी एंबुलेंस,VIDEO:ड्राइवर की कॉलर पकड़कर हाथापाई की, चाबी निकालने की कोशिश करता रहा

जयपुर में ऑडी कार ड्राइवर ने बीच सड़क पर एंबुलेंस को रोक लिया। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस की चाबी निकालने की कोशिश करने लगा। एंबुलेंस ड्राइवर ने विरोध किया तो हाथापाई पर उतर आया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। ऑडी चला रहे युवक ने पहले एंबुलेंस को रोका, फिर ड्राइवर की कॉलर पकड़ ली। जवाब में एंबुलेंस ड्राइवर ने भी युवक की कॉलर पकड़ ली। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला शक्रुवार दोपहर बाइस गोदाम सर्किल का है। यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ, जब ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने बीच-बचाव किया। दोनों पक्षों को समझाइश दी। पुलिस और लोगों की समझाइश के बाद युवक ने एंबुलेंस को आगे जाने दिया। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS…
ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बनाया वीडियो
हंगामे का वीडियो वहां तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में ऑडी ड्राइवर का आक्रामक व्यवहार साफ दिखाई दे रहा है। पूरे घटनाक्रम के दौरान एंबुलेंस में मरीज मौजूद था, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो जाता है।
सफेद रंग की ऑडी कार से युवक आया था
जानकारी के अनुसार, जिस सफेद रंग की ऑडी कार से युवक आया था, उसका नंबर DL 10 CM 0234 है। यह कार कार्तिक शर्मा पुत्र राजेश कुमार शर्मा के नाम से पंजीकृत है। जांच में सामने आया है कि वाहन का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट 5 नवंबर 2025 को ही समाप्त हो चुका है। वहीं, इसी गाड़ी पर 5 अक्टूबर 2025 को ओवरस्पीडिंग का चालान भी किया गया था, जो अब तक लंबित है।
वाहन निकालने को लेकर विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एंबुलेंस और ऑडी ड्राइवर के बीच आगे वाहन निकालने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गया। बीच चौराहे पर युवक द्वारा किए गए उत्पात के गवाह वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी और आमजन रहे, जिन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *