बलरामपुर जिले के ग्राम कोटराही में बीती रात दो बजे घर में सो रहे युवक के सिर पर पड़ोसी युवक ने डंडे से कई बार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आहत युवक को वाड्रफनगर हॉस्पिटल लाया गया, जहां से उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर लाते समय प्रतापपुर के पास घायल युवक की मौत हो गई। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया गया है। घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोटराही निवासी ओम प्रकाश कुशवाहा (25) बीती रात अपने घर में सो रहा था। उसके घर का दरवाजा बंद नहीं था। रात करीब दो बजे पड़ोस में रहने वाला युवक संजय खैरबार (22) टांगी लेकर ओम प्रकाश कुशवाहा के घर पहुंचा और दरवाजे को खोलकर अंदर दाखिल हुआ। सो रहे युवक के सिर पर कई बार वार
आरोपी संजय खैरबार ने ओम प्रकाश कुशवाहा के सिर पर ताबड़तोड़ कई बार मोटे डंडे से वार किया। ओमप्रकाश कुशवाहा की चीख सुनकर उसकी बहन एवं वृद्ध माता-पिता जाग गए और आरोपी युवक को पकड़ा। आरोपी हाथ छुड़ाकर भाग निकला। लाठियों के वार से ओम प्रकाश कुशवाहा का सिर पूरी तरह से फट गया एवं घर में खून फैल गया। उसे तत्काल उपचार के लिए वाड्रफनगर हॉस्पिटल ले जाया गया। रास्ते में मौत, आरोपी हिरासत में
वाड्रफनगर हॉस्पिटल से ओम प्रकाश कुशवाहा को लेकर परिजन अंबिकापुर रवाना हुए। रास्ते में प्रतापपुर के पास युवक की सासें थम गई। उसे प्रतापपुर हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर वाड्रफनगर चौकी प्रभारी धीरेंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद फरार आरोपी की पुलिस ने खोजबीन शुरू की। आरोपी जंगल में छिपा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। चोर कहने पर था आक्रोशित, दी मौत
मृतक ओम प्रकाश कुशवाहा और आरोपी संजय खैरबार का घर 50 मीटर के फासले पर है। दोनों के घरों के बीच खेत है। आरोपी संजय खैरबार ने पुलिस पूछताछ में बताया कि एक वर्ष पूर्व मृतक के घरवालों ने उसके खिलाफ चोरी की झूठी शिकायत की थी। एक बार बीच में मृतक या घरवालों ने उसे चोर कहकर टोका था, जिसे लेकर वह ओम प्रकाश कुशवाहा से रंजिश रखने लगा था।
इसे ओम प्रकाश कुशवाहा के घर एवं सोने के जगह की पूरी जानकारी थी। रात दो बजे वह घर में घुसा और उसने घटना को अंजाम दे दिया। पुसिल ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। सदमें में परिवार
घटना से ओमप्रकाश कुशवाहा का परिवार सदमें में है। वह घर का एकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है जो नर्सिंग कर रही है। मृतक ओम प्रकाश की मोटर बाईंडिंग की दुकान थी और परिवार का एकलौता कमाउ सदस्य था। परिवार की कुछ जमीनें हैं, जिसपर वे खेती करते थे।


