प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को जालंधर दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित दौरे से पहले आदमपुर एयरपोर्ट के नामकरण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस दौरान एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की मांग जोर पकड़ रही है। अभी कुछ दिन पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की मांग उठाई थी। अब राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने भी इस मांग को दोहराया है। जिला प्रशासन प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर रहा है। 2 साल पहले आदमपुर एयरपोर्ट का हुआ था उद्घाटन मीडिया से बात करते हुए अशोक मित्तल ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था। उस समय भी उन्होंने प्रधानमंत्री से एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की अपील की थी। सांसद मित्तल ने कहा कि अब 1 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर इसी एयरपोर्ट पर आ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि इस बार वे आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखकर ही वापस जाएं।


