सेप्टिक टैंक में डूबे दो सगे भाई, मौत:टीकमगढ़ में दोनों घर से खेलने निकले थे, टैंक में मिले शव; मां पूछती रही-मेरे बच्चे कहां हैं?

टीकमगढ़ में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सेप्टिक टैंक में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना शिवनगर कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान की है, जहां खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 7 वर्षीय आशीष यादव और 5 वर्षीय नरेंद्र यादव की जान चली गई। मृतक बच्चों के पिता सचेंद्र यादव मूल रूप से ग्राम लखौरा के निवासी हैं और बच्चों की पढ़ाई के लिए शिवनगर कॉलोनी में किराए से रह रहे थे। शुक्रवार दोपहर स्कूल से लौटने और खाना खाने के बाद दोनों बच्चे करीब 3 बजे खेलने के लिए घर से निकले थे। जब देर शाम तक बच्चे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मोटर लगाकर टैंक का पानी निकाला
मोहल्ले में खोजबीन के दौरान पास ही स्थित एक निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक पर लोगों की नजर गई। मकान की अधूरी दीवारों के कारण टैंक दिखाई नहीं दे रहा था। शाम करीब 7:30 बजे मोटर लगाकर टैंक का पानी निकाला गया, तो दोनों बच्चों के शव अंदर मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
मां सदमे में, पूछती रही मेरे बच्चे कहां हैं?
घटना के बाद मां सदमे में थी और लगातार पड़ोसियों से पूछ रही थी—“मेरे बच्चे कहां हैं?” उसे संभालने के लिए मोहल्ले के लोग आगे आए। पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान में सेप्टिक टैंक खुला था और वहां कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *