जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बुचीहरदी में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल सवार 14 वर्षीय बालक आयुष यादव को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, आयुष यादव अपने घर से पेट्रोल पंप के पास जाने के लिए साइकिल से निकला था। जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी बलौदा से अकलतरा की ओर आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नाबालिग की मौके पर मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि आयुष साइकिल समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका चेचिस से डाला टूटकर बिखर गया। पिकअप में सवार दो लोगों को भी इस दुर्घटना में चोटें आई हैं। मृतक के परिजनों को दी गई सहायता राशि घटना की सूचना मिलने पर बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक आयुष यादव के परिजनों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


