कला मंजर सोसाइटी और हैंड्स टुगेदर अभियान के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, जयपुर में बसंत उत्सव (नृत्य-तरंग) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और लड्डू वितरण से हुई, जिसके बाद बालिकाओं ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। संस्था के उद्देश्यों के अनुरूप, विद्यालय के बच्चों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, वहीं विजेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीगल जेंस एंड ज्वेल्स के सीईओ आशीष शर्मा, प्रधानाचार्य एवं साहित्यकार राजकुमार इंद्रेश, और सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर भार्गव उपस्थित रहे। संस्था की अध्यक्ष शोभा सक्सेना ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संस्थापिका मीनाक्षी माथुर ने संस्था के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से दिव्यांगता के प्रति वैज्ञानिक और भावनात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है। संस्था गत दो वर्षों से इस विद्यालय में बसंत उत्सव का आयोजन कर रही है। पिछले वर्ष यहां चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसके विजेता बच्चों को संस्था ने अन्य आयोजनों में आमंत्रित कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान किया था।


