पंजाब के फाजिल्का जिले में कंस्ट्रक्शन वर्कर्स एंड लेबर यूनियन एटक पंजाब ने असिस्टेंट लेबर कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। यूनियन का आरोप है कि पंजाब बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड की 30 मार्च 2023 की बैठक में लिए निर्णयों को अभी तक लागू नहीं किया गया है। सचिव से अनुमति लेने की शर्त गलत यूनियन के राज्य स्तरीय नेता एडवोकेट परमजीत ढाबा ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने मृतक लाभार्थी के ग्रेस पीरियड में मंजूरी के लिए प्रिंसिपल सचिव से अनुमति लेने की शर्त को गलत बताया। साथ ही फॉर्म नंबर 27 के ऑटो पैच संबंधी फैसले को लागू करने, रजिस्ट्रेशन में आ रही दिक्कतों को दूर करने और अनुचित आपत्तियों को समाप्त करने की मांग की। भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की मांग विशेष रूप से 2008 से 2024 तक के लाभार्थियों के वारिसों को, जो अनपढ़ता या समय की कमी के कारण मुआवजा प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें आवेदन के लिए 3 महीने का समय देने की मांग की गई। यूनियन ने विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की भी मांग की। लेबर कमिश्नर ने दिया आश्वासन नवनियुक्त असिस्टेंट लेबर कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि वे स्थिति की समीक्षा कर जल्द ही समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने आज ही पदभार संभाला है और पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


