नीति आयोग की पहल, हनुमानगढ़ में कृषि क्रांति की तैयारी:किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक महीने का सर्वे शुरू

नीति आयोग भारत सरकार की ओर से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के समग्र विकास के लिए शुरू किए गए जिला कृषि-ग्रामीण रूपांतरण कार्यक्रम (DARTP) के तहत राजस्थान से हनुमानगढ़ जिले का चयन हुआ है। जिला कलेक्टर कानाराम ने बताया कि यह योजना देश के सात राज्यों के सात जिलों में लागू की जा रही है। हनुमानगढ़ का इस सूची में चयन जिले के लिए गर्व का विषय है। इस योजना का उद्देश्य कृषि और गैर-कृषि क्षेत्रों में आय वृद्धि, रोजगार के अवसरों में विस्तार और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार करना है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के ब्लॉक और ग्राम स्तर पर क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए संसाधनों का अनुकूलन किया जाएगा। इसे तीन चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में (1-3 वर्ष) प्राथमिक गतिविधियों का कार्यान्वयन, दूसरे चरण (3-5 वर्ष) में उत्पादन और बुनियादी ढांचे का विस्तार और तीसरे चरण (5+ वर्ष) में सतत और समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास को लक्षित किया गया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि और संबंधित क्षेत्रों में उत्पादकता बढ़ाना, उच्च मूल्य आधारित कृषि को बढ़ावा देना, डिजिटलीकरण और तकनीकी उन्नति करना, कौशल आधारित रोजगार के लिए प्रशिक्षण देना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-कृषि गतिविधियों को संवर्धित करना है। इस पहल के सफल क्रियान्वयन में बिट्स पिलानी, नाबार्ड, कृषि विज्ञान केंद्र हनुमानगढ़ और महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय बीकानेर जैसी प्रमुख संस्थाओं की भागीदारी होगी। एक फरवरी से 28 फरवरी 2025 तक नीति आयोग द्वारा जिले में एक विस्तृत सर्वे किया जा रहा है। इस सर्वेक्षण के अंतर्गत उच्च मूल्य कृषि, फसल कटाई प्रबंधन, कौशल प्रशिक्षण और प्राकृतिक खेती जैसे 9 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से अपने सुझाव दें, ताकि जिले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *