कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रवि दत्त गौड़ ने बूंदी के एक दिवसीय दौरे पर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। आईजी ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इससे जुड़े मामलों में त्वरित जांच और कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने सभी थानाधिकारियों और वृत्ताधिकारियों को लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने और पेंडेंसी को पुलिस मुख्यालय के मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए आईजी ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ठोस रणनीति बनाने को कहा। हार्डकोर अपराधी, हिस्ट्रीशीटर और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से अवैध खनन और बजरी परिवहन में संलिप्त अपराधियों पर नकेल कसने की बात कही। नए आपराधिक कानून के तहत अवैध संपत्तियों की पहचान कर उनकी कुर्की और जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरकारी, गैर-सरकारी और वन विभाग की जमीनों पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा गया।


