पाकुड़ के महेशपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। महेशपुर-पाकुड़िया मुख्य सड़क पर बड़कियारी मदरसा के पास यात्री बस और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान नारायणगढ़ गांव निवासी बिमल हेम्ब्रम के रूप में हुई है। घायलों में उसी गांव के 20 वर्षीय आनंद हेम्ब्रम और 19 वर्षीय प्रदीप मरांडी शामिल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बस के नीचे जा घुसी और बिमल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। महेशपुर थाना प्रभारी विकर्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बस और स्कूटी को जब्त कर लिया। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर ले जाया गया, जहां डॉ. अपूर्व हर्ष ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह बस पाकुड़ से महेशपुर-बड़कियारी होते हुए दुमका जा रही थी। महेशपुर थाना क्षेत्र में जनवरी और फरवरी में कई सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई है। विशेष रूप से हेलमेट न पहनने के कारण बाइक सवारों की मौतें अधिक हो रही हैं।


