दुनियाभर में जारी वैश्विक अस्थिरता और निवेशकों की बढ़ी हुई दिलचस्पी के बीच कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जहां पिछले कुछ दिनों से सोने और चांदी के दाम लगातार रिकॉर्ड स्तर छू रहे थे, वहीं शुक्रवार को दोनों धातुओं में एक साथ बड़ी गिरावट दर्ज की गई। गिरावट के बाद जयपुर सर्राफा बाजार में 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत 9 हजार रुपए टूटकर 1 लाख 75 हजार रुपए पर आ गई है। वहीं चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट देखने को मिली है, जहां प्रति किलो चांदी के दाम 26 हजार रुपए घटकर 3 लाख 74 हजार रुपए पर पहुंच गए हैं। सर्राफा एसोसिएशन के सुशील जैन ने बताया- वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी में निवेश अचानक काफी बढ़ गया था, जिसके चलते दोनों धातुओं की कीमतें अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थीं। हालांकि अब मुनाफा वसूली करने वाले निवेशकों के चलते बाजार में दबाव बना है। इसी वजह से कीमतों में गिरावट शुरू हुई है। यह गिरावट ज्यादा लंबे समय तक रहने वाली नहीं है, क्योंकि वैश्विक हालात अभी भी अस्थिर बने हुए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों में फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल निवेश करने के लोगों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए। जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी ताजा भाव के अनुसार 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत 1 लाख 75 हजार रुपए, 22 कैरेट सोना 1 लाख 63 हजार 600 रुपए, 18 कैरेट सोना 1 लाख 36 हजार 500 रुपए और 14 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 8 हजार 500 रुपए पर पहुंच गई है। वहीं चांदी की कीमत घटकर 3 लाख 74 हजार रुपए प्रति किलो दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों के आधार पर कीमती धातुओं की कीमतों में फिर हलचल देखने को मिल सकती है।


