MP की सबसे लंबी सुरंग में जानलेवा बाइक स्टंट:युवक ने खड़े होकर 2.28 किमी लंबी मोहनिया टनल पार की; SP बोले-बर्दाश्त नहीं

रीवा–सीधी मार्ग पर स्थित प्रदेश की सबसे लंबी मोहनिया टनल में एक युवक ने जानलेवा बाइक स्टंट किया। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए सीट पर खड़ा नजर आ रहा है और इसी हालत में वह करीब 2.28 किलोमीटर लंबी पूरी टनल पार करता दिखाई देता है। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पर बनी मोहनिया टनल की बताई जा रही है। वीडियो में युवक कई बार बाइक से दोनों हाथ छोड़ता नजर आता है। स्टंट के दौरान उसका संतुलन किसी भी वक्त बिगड़ सकता था। वीडियो से स्पष्ट है कि यह खतरनाक करतब सामान्य यातायात के बीच किया गया। अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में
मोहनिया टनल से प्रतिदिन भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में टनल के भीतर इस तरह का स्टंट न सिर्फ युवक की जान के लिए खतरा था, बल्कि पीछे और आगे चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता था। देखिए दो तस्वीरें सोशल मीडिया के लिए किया गया स्टंट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने यह स्टंट सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से किया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस हरकत की कड़ी आलोचना की और सख्त कार्रवाई की मांग की। विंध्य क्षेत्र की अहम परियोजना है मोहनिया टनल
मोहनिया टनल विंध्य क्षेत्र की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण से रीवा और सीधी के बीच पहाड़ी व घुमावदार मार्ग से राहत मिली और यात्रा समय में कमी आई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाई गई इस टनल में इस तरह की लापरवाही ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी बोले- ऐसे स्टंट बर्दाश्त नहीं करेंगे
रीवा जिले के एएसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि “मोहनिया टनल में बाइक से स्टंट करने का वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के स्टंट किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।” पुलिस युवक की तलाश में जुटी
पुलिस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है। बाइक नंबर, युवक की पहचान और वीडियो अपलोड करने वाले अकाउंट की जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *