गढ़वा | गढ़वा जिले के रंका रोड स्थित साई नेत्रालय एंड हॉस्पिटल चश्माघर में 80 मरीजों का सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया। इस शिविर के अंतर्गत सभी मरीजों का आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया गया। खास बात यह रही कि ऑपरेशन के बाद मरीजों को निःशुल्क दवा, चश्मा तथा भोजन की भी व्यवस्था की गई। जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। यह कार्यक्रम जिला अंधापन नियंत्रण समिति, गढ़वा एवं जन विकास ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है। ऑपरेशन करने वाली चिकित्सकीय टीम में अनुभवी नेत्र सर्जन डॉ रवि कुमार डॉ ए कुमार शामिल थे। इनके साथ नेत्र सहायक अनुज तिवारी, डॉ शशिकांत, नमिता, अयूब ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी टीम ने अत्यंत सावधानी के साथ सभी ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कराया। ऑपरेशन के बाद मरीजों की नियमित जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाइयां व परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अजहर, नीतू और रेहान का भी सराहनीय सहयोग रहा। वहीं कार्यक्रम के दौरान संस्था के संरक्षक तनवीर अहमद की उपस्थिति ने आयोजन को और भी प्रेरणादायक बना दिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए इस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं अत्यंत आवश्यक हैं और आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम जारी रहने चाहिए।


