लुधियाना में मिले गोवंश के टुकड़े:कुत्ते खोदकर नोच रहे थे, नहर किनारे दबे मिले, 11 महीनों में दूसरी घटना

लुधियाना के रायकोट-बठिंडा मुख्य मार्ग पर एक बार फिर गोवंश की हत्या का मामला सामने आया है। गांव दूधाहुर की नहर के पास गाय और बछड़े के कटे हुए सिर, टांग और अन्य अंग मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। घटना का पता तब चला जब आवारा कुत्तों ने दबाकर रखे गए अंगों को खोदकर बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही गोशाला प्रबंधक और गौ भक्त मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हरजिंदर सिंह, थाना सदर के प्रभारी कुलविंदर सिंह, महलकला के डीएसपी सुबैग सिंह और थाना प्रभारी जगजीत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस अधिकारी क्षेत्राधिकार को लेकर उलझे रहे। भगवान श्री कृष्ण गोशाला कमेटी के प्रधान प्रवीण अग्रवाल और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि गांव निहालूवाल के पूर्व सरपंच सुखविंदर सिंह से उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसी स्थान पर 7 मार्च 2024 को भी 15-20 गौवंश की हत्या की घटना हुई थी, जिसमें अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। गोशाला प्रबंधकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पहली घटना के बाद कड़ी कार्रवाई की गई होती, तो यह दोबारा नहीं होता। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो महलकला और रायकोट में बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। खबर लिखे जाने तक महल कला पुलिस ने गौशाला प्रबंधकों की शिकायत पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *