पहली पत्नी रहते दूसरी शादी करने पर रिटायर्ड डीएसपी की पेंशन में 10 प्रतिशत कटौती, 5 वर्षों तक काटी जाएगी राशि

पेंशन से 10% राशि की कटौती का निर्णय विभाग ने लिया था पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना एक डीएसपी को महंगा पड़ा है। रिटायरमेंट के बाद अब संबंधित डीएसपी ब्रजकिशोर भारती की पेंशन से 10% कटौती की जाएगी। यह कटौती लगातार 5 वर्षों तक चलेगी। इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। एसआईआरबी-2 के तत्कालीन डीएसपी ब्रजकिशोर भारती पर अपनी पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने और पहली पत्नी को शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप था। इस मामले में पुलिस मुख्यालय द्वारा की गई अनुशंसा के आलोक में भारती के खिलाफ वर्ष 2021 में विभागीय कार्यवाही झारखंड पेंशन नियमावली के तहत चली। वर्ष 2022 में विभागीय कार्यवाही के संचालन पदाधिकारी ने उनके खिलाफ लगे आरोपों को सही पाया। विभागीय संचालन पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर भारती की पेंशन से झारखंड पेंशन नियमावली के तहत प्रस्तावित दंड के रूप में 25% राशि की कटौती पांच साल तक करने को लेकर दूसरा स्पष्टीकरण पूछा गया था। इसके आलोक में रिटायर डीएसपी भारती की ओर से जो जवाब दिया गया, उसमें ऐसा कोई अलग से तथ्य नहीं दिया गया जिससे कि उन्हें आरोपों से मुक्त किया जा सके। यह दंड लागू करने से पहले मामले में झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची से सहमति ली गई। आयोग ने भारती के विरुद्ध प्रमाणित आरोपों के आधार पर उनकी पेंशन से 10% की कटौती करने का परामर्श दिया। आयोग की सलाह और सहमति के बाद भारती के पेंशन से पांच साल तक 10% राशि की कटौती करने का निर्णय लिया गया और इसकी अधिसूचना जारी की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *