रांची नगर निगम चुनाव में नामांकन का दूसरा दिन समाप्त हो गया है। चुनाव लड़ने वालों की कतार बढ़ती जा रही है। लेकिन नेताजी को नॉमिनेशन से पहले नगर निगम का एनओसी, मतदाता सूची सहित अन्य सरकारी कागजात निकालने में पसीना छूट रहा है। क्योंकि, कागजात उपलब्ध कराने का सिस्टम इतना अधिक धीमा है कि नेताजी को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। लेकिन जनता तक पहुंचने से पहले इस परीक्षा से गुजरना अनिवार्य है, इसलिए इंतजार के साथ भागमभाग करना मजबूरी बन गई है। शुक्रवार को ऐसी ही आपाधापी का माहौल समाहरणालय और नगर निगम में दिखा। एक ओर समाहरणालय में मतदाता सूची खरीदने के लिए प्रत्याशियों की कतार लग गई। 100 से अधिक लोग कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। एक मतदाता सूची लेने में लोगों को डेढ़ से दो घंटे का समय लग गया। मतदाता सूची के लिए लोगों ने 1100 से 2300 रुपए तक देना पड़ रहा है। मतदाता सूची के प्रत्येक पेज के अनुसार पैसे लिए जा रहे हैं। इधर, नगर निगम से नो ड्यूज एनओसी लेने के लिए भी भागमभाग करना पड़ रहा है। क्योंकि, निगम में होल्डिंग टैक्स और वाटर-वेस्ट यूजर चार्ज के लिए अलग-अलग स्थान पर काउंटर बनाए गए हैं। दो दिनों के दौरान करीब 100 लोगों ने एनओसी लिया। इस दौरान निगम को बकाया के रूप में करीब पांच लाख रुपए मिले।


