रायपुर जिले में जमीन की सरकारी कीमत को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। राज्य सरकार ने शहर के 70 वार्डों में जमीन की कीमत में कोई खास बदलाव नहीं किया है। लेकिन आउटर की जमीनों में प्रति हेक्टेयर 30 लाख रुपए तक की कमी कर दी गई है। इससे शहर से लगे पिरदा, तुलसी, संकरी, बरौंदा, परसुलीडीह, दौंदेखुर्द, काठाडीह समेत लगभग सभी जगहों पर जमीन की कीमत कम हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार अंदर में जमीन की कीमत औसतन 1000 रुपए प्रति वर्गफीट बढ़ाई गई थी, जिसे अब 500 रुपए प्रति वर्गफीट कम कर दिया गया है। राजधानी में जयस्तंभ चौक के चारों ओर यानी सदरबाजार, बैजनाथपारा, मौदहापारा, शारदा चौक, फाफाडीह, तात्यापारा, नयापारा, रमण मंदिर, देवेंद्रनगर, रामसागरपारा समेत सभी इलाकों में सड़क के ऊपर की जमीन की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन इलाकों में ही सड़क से 30 मीटर अंदर स्थित जमीन की कीमत 500 रुपए वर्गफीट तक कम की गई है। जो वार्ड नए जुड़े थे, वहीं कीमत कम हुई
आउटर में सभी जगहों पर जमीन की कीमत में बदलाव किया गया है। उदाहरण के तौर पर विधानसभा रोड में पहले 40000 रुपए प्रति वर्गमीटर जमीन की कीमत थी जो अब कम होकर 34 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर हो गई है। इसी तरह कचना मुख्य सड़क पर 1.70 लाख रुपए प्रति वर्गमीटर की कीमत घटकर 1 लाख रुपए प्रति वर्गमीटर हो गई है। टाटीबंध से सरोना चौक तक मुख्य सड़क की जमीन की कीमत को 40 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर से घटाकर 30 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। आरंग, अभनपुर, धरसींवा, बीरगांव में कीमत घटी जिले की तहसीलों में आरंग, अभनपुर, तिल्दा, धरसींवा के साथ ही बीरगांव नगर निगम के सभी 40 वार्डों में जमीन की कीमत बढ़ा दी गई थी। छत्तीसगढ़ क्रेडाई के अनुसार जिले की तहसीलों में जमीन की कीमत 500 फीसदी तक बढ़ी थी। लेकिन अब नई गाइडलाइन में सभी जगहों की बढ़ोतरी को 100 फीसदी के अंदर कर दी गई है। इसे ऐसे समझ सकते हैं कि आरंग में प्रति एकड़ 5 लाख रुपए की बढ़ोतरी की गई थी तो अब उसे घटाकर एक लाख रुपए प्रति एकड़ कर दी गई है। यानी सभी जगहों पर 400 फीसदी जमीन की कीमत कम की गई है। छत्तीसगढ़ क्रेडाई ने कहा- अब सही गाइडलाइन जारी
नई संशोधित गाइडलाइन जारी होने का छत्तीसगढ़ क्रेडाई ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि आउटर में सबसे ज्यादा जमीन की कीमत बढ़ गई थी। इसे सुधारना जरूरी था। इस मामले में मुख्यमंत्री और पंजीयन विभाग के मंत्री ओपी चौधरी से लगातार मुलाकात की गई थी। क्रेडाई ने जो सुझाव दिए थे उस पर सरकार ने अमल किया है। इससे रियल एस्टेट के कारोबार में बूम आएगा। छत्तीसगढ़ क्रेडाई के अध्यक्ष पंकज लाहोटी ने कहा कि गाइडलाइन दरों को घटाने से रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी आएगी।


