भास्कर न्यूज | जालंधर श्री गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से एक फरवरी को सतगुरु रविदास महाराज जी का 649वां प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। इसके संबंध में 31 जनवरी को महानगर से भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है, जिसकी तैयारियां को लेकर धाम में सजावट के प्रबंध किए जा रहे हैं। श्री गुरु रविदास धाम को सुंदर रूप से सजाया गया है। शोभायात्रा की सबसे बड़ी विशेषता इसमें शामिल होने वाली 50 से अधिक गुरु की पालकियां होंगी। वहीं, शहर के सभी गुरुघरों से भी विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रकाश पर्व से पहले ही संगत नतमस्तक होने के लिए श्री गुरु रविदास धाम बूटा मंडी पहुंचनी शुरू हो गई है। नकोदर रोड पर दुकानें सज गई है और झूले लग गए हैं। हर वर्ष श्री गुरु रविदास महाराज जी का वार्षिक मेला पूरी श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। प्रकाश पर्व को लेकर श्री गुरु रविदास धाम, बूटा मंडी में तैयारियां पूरी हैं। धाम को रंग-बिरंगी लाइटों, लड़ियों और ताजे फूलों से सजाया गया है। उत्सव की रौनक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नकोदर रोड पर दूर-दूर तक दुकानें सज चुकी हैं और बच्चों के लिए झूले लग गए हैं। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए प्रशासन और प्रबंधकों ने सुरक्षा व यातायात के कड़े प्रबंध किए हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिक मेले के कारण नकोदर रोड को तीन दिनों के लिए बंद रखा गया है, ताकि संगत को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेले को लेकर श्री गुरु रविदास चौक में लगे झूले। श्री गुरु रविदास महाराज जी की पालकी को तैयार करते हुए कारीगर। ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार 31 जनवरी को सुबह करीब 10 बजे श्री गुरु रविदास धाम से संतों की गरिमामयी उपस्थिति में शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए एकता और भाईचारे का संदेश देगी, जोकि श्री गुरु रविदास धाम से चल कर श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, श्रीराम चौक, मिलाप चौक और फगवाड़ा गेट, शहीद भगत सिंह चौक और पंजपीर, अड्डा होशियारपुर चौक और माई हीरां गेट, पटेल चौक से होते हुए वापस श्री गुरु रविदास धाम पर समापन होगी। श्रद्धालु बैंड-बाजों की धुन पर कीर्तन करते हुए पैदल ही महानगर की परिक्रमा करेंगे। सतगुरु रविदास धाम में गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान हरदियाल बंगड़, चेयरमैन सेठ सतपाल मल, जनरल सेक्रेटरी विनोद कोल, सीनियर वाइस प्रधान राजिंदर प्रसाद, कैशियर गौरव महे ने बताया कि सतगुरु रविदास धाम बूटा मंडी को सजाया गया है। शोभायात्रा के लिए प्रभु की पालकी आकर्षण का केंद्र होगी। एक फरवरी को श्री गुरु रविदास महाराज जी का प्रकाश पर्व बहुत ही श्रद्धापूर्वक व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक फरवरी गुरु रविदास अमृतवाणी पाठ का भोग दोपहर 2 बजे डाले जाएंगे और रात 8 बजे कवि दरबार होगा।


