भास्कर न्यूज | जालंधर बस्ती दानिशमंदा कोतवाली बाजार में एक महिला की नई एक्टिवा उस समय चोरी हो गई जब वह मात्र 10 मिनट के लिए दुकान के भीतर सामान लेने गई थी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। गुरु रामदास नगर एनक्लेव की निवासी लखविंदर कौर (47) ने पुलिस को बताया कि वह एक्टिवा (पीबी08 एफएल 9713) पर बाजार आई थीं। शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने अपनी एक्टिवा दुकान के बाहर खड़ी की और झाड़ू खरीदने के लिए अंदर चली गईं। जब वह 4:40 बजे वापस लौटीं, तो उनकी एक्टिवा वहां से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब एक्टिवा नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पीड़िता के अनुसार, एक्टिवा में उनका पर्स भी रखा था। इस पर्स में मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, वाहन की आरसी और घर की चाबियां मौजूद थीं। इसके अलावा पर्स में 1,080 रुपए भी थे। शिकायत मिलने पर थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। एएसआई विजय कुमार ने बताया कि घटना वाली जगह के पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे चोर की पहचान में मुश्किल आ रही है। फिलहाल पुलिस की टीमें मोबाइल लोकेशन और अन्य सूत्रों के माध्यम से तलाश में जुटी हैं।


