रेलवे द्वारा यात्रियों की सहूलियत के लिए जयपुर स्टेशन पर स्थित प्लेटफार्म संख्या 6, 7 का 1 फरवरी से नाम परिवर्तित कर क्रमशः 1A और 1B किया जाएगा। यह निर्णय यात्रियों को प्लेटफॉर्म में होने वाली असुविधा को कम करने और स्टेशन की संरचना को अधिक तार्किक और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लिया है। सीनियर पीआरआई राकेश ने बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पास स्थित सीकर लाइन के प्लेटफार्म संख्या-6, 7 के कारण यात्रियों विशेषकर सीनियर सिटीजन, दिव्यांगजन और पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता था। कई बार ट्रेन प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में समय की कमी के कारण यात्री असमंजस में पड़ जाते थे। इसी समस्या के समाधान हेतु डीआरएम रवि जैन के निर्देश पर स्टेशन डायरेक्टर विपिन शर्मा ने दोनों प्लेटफॉर्म का पुनः नामकरण किया है। जिसके तहत प्लेटफॉर्म संख्या 1A एवं 1B नामकरण से यात्रियों को यह स्पष्ट पता लगेगा कि ये प्लेटफार्म मुख्य प्लेटफॉर्म-1 के ही एक्सटेंशन प्लेटफॉर्म हैं। इससे स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी समझने में आसानी होगी। साथ ही यात्रियों के समय की बचत भी होगी। रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर में सभी संकेतक बोर्ड, अनाउंसमेंमेंट सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले को भी नए नंबर के अनुसार अपडेट किया जा रहा है। वहीं रेलकर्मियों को भी नए प्लेटफॉर्म नामों की जानकारी दी गई है। उधर रेलवे की अपील है कि यात्रा से पहले नए प्लेटफॉर्म नामों की जानकारी कर लें और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए रेलकर्मियों से संपर्क करें। प्लेटफॉर्म में ऑनलाइन बदलाव की कवायद शुरू जयपुर असरवा-जयपुर एक्सप्रेस सहित 20 ट्रेन यहीं से चलेंगी। रेलवे ट्रेन ऑपरेशन एक्सपर्ट और एसएस (आर) डीएल तनेजा ने बताया कि नए प्लेटफॉर्म नंबर 1A, 1B से रोजाना जयपुर आने और जाने में 20 ट्रेनों से करीब 25 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। सीकर लाइन की सभी ट्रेन इसी प्लेटफॉर्म से आवागमन करती हैं। इसे लेकर पिछले दिनों डीआरएम रवि जैन के निर्देश पर स्टेशन डायरेक्टर विपिन शर्मा से यात्रियों से सुझाव लेने के लिए कहा था। जिसके बाद यात्रियों ने भी रेलवे को प्लेटफॉर्म का नंबर बदलने का सुझाव दिया था। तनेजा ने बताया कि असरवा से जयपुर आने वाली ट्रेन नंबर (12982/81), सीकर-जयपुर-सीकर डेमू स्पेशल (04801/02), उदयपुर जयपुर उदयपुर वंदेभारत एक्सप्रेस (20979/80), श्रीगंगाननर-बांद्रा-श्रीगंगाननर अमरापुर अरावली एक्सप्रेस (14701/02) सहित 20 ट्रेन इसी प्लेटफॉर्म से आवागमन करेंगी।


