बैतूल जिले की मुलताई पुलिस ने किसानों के खेतों से चोरी हुए केबल बरामद किए हैं। गुरुवार दोपहर थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छह कबाड़ियों के गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान फारुक नाम के कबाड़ी के गोदाम से बड़ी मात्रा में चोरी के केबल बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने असलम, जाफर, हसन, फारुक और राजा सहित अन्य कबाड़ियों के गोदामों की जांच की। पुलिस को आशंका है कि किसानों के खेतों से चोरी किए गए केबल इन्हीं कबाड़ियों को बेचे जा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त किए गए केबल की नाप-तौल के बाद ही इनकी सटीक मात्रा का पता चल पाएगा। पुलिस अब छोटे कबाड़ियों की सूची तैयार कर रही है और कबाड़ियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि केबल बेचने वाले कौन लोग हैं। जिन किसानों ने केबल चोरी की शिकायतें दर्ज कराई हैं, उन्हें पहचान के लिए थाने बुलाया जाएगा। पुलिस के अनुसार इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


