डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने नाइजीरिया से कोकीन तस्करी कर रायपुर में सप्लाई करने वाले एक पैडलर को रायपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नाइजीरियन छात्र हेनरी टोकहूक्यू के रूप में हुई है। जिसे 180 दिनों की रेकी के बाद पकड़ा गया। DRI अधिकारियों ने आरोपी के बैग से 245 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपए आंकी गई है। जांच में सामने आया है कि पढ़ने आया नाइजीरियन छात्र सिंडिकेट बनाकर बनाकर कोकीन बेच रहा था। आरोपी किस तरह से DRI के हत्थे चढ़ा? डीआरआई कितने दिन से छात्र की रेकी कर रही थी? पढ़िए इनसाइड स्टोरी:- जानिए कैसे DRI के हत्थे चढ़ा आरोपी? दरअसल, DRI अधिकारियों को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि रायपुर के निजी कॉलेजों में पढ़ने वाले कुछ विदेशी छात्र नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में सक्रिय हैं। इस इनपुट के आधार पर मार्च 2025 से DRI ने विदेशी छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया और कुछ संदिग्ध छात्रों की सूची तैयार की। इसी दौरान जुलाई 2025 में हेनरी टोकहूक्यू का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि हेनरी नाइजीरिया से ड्रग्स लाकर केवल अपने परिचितों को ही बेचता था। DRI अधिकारियों ने उसके कुछ ग्राहकों को विश्वास में लेकर जानकारी जुटाई और उसके करीबी संपर्कों पर लगातार निगरानी रखी। एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी 28 जनवरी 2026 को DRI को पुख्ता सूचना मिली कि हेनरी टोकहूक्यू नाइजीरिया से कोकीन लेकर सुबह रायपुर पहुंचेगा। इसके बाद DRI ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को अलर्ट कर घेराबंदी की और रायपुर एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से कोकीन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपने कुछ साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी जानकारी जुटाने में DRI की टीम लगी हुई है। श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी का छात्र है आरोपी DRI के अनुसार, हेनरी टोकहूक्यू पिछले तीन साल से नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में BSW (बैचलर ऑफ सोशल वर्क) की पढ़ाई कर रहा था और यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रहा था। कुछ दिन पहले वह नाइजीरिया गया था और लौटते समय कोकीन लेकर आया। जांच एजेंसी को शक है कि वह यह ड्रग्स रायपुर, भिलाई और संभवतः नागपुर के नेटवर्क में सप्लाई करने वाला था। अफसरों को चैट्स मिले DRI ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल से जांच अधिकारियों को चैट्स, कॉल डिटेल्स और ट्रांजैक्शन से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। कार्रवाई के दिन जिन लोगों से आरोपी की बातचीत हुई थी। उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है। रायपुर में 100 से अधिक विदेशी छात्र जांच अधिकारियों के अनुसार, रायपुर सहित प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों में 100 से ज्यादा विदेशी छात्र पढ़ते हैं। हेनरी के परीचित श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी के अलावा नया रायपुर स्थित कुछ निजी विश्वविद्यालयों में भी है। अफसरों का दावा है कि आने वाले दिनों में इन छात्रों से भी पूछताछ की जा सकती है। 2025 में 2.78 करोड़ की ड्रग्स जब्त 2025 में रायपुर पुलिस ने ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े विदेशी रैकेट का बड़ा खुलासा किया था। पुलिस पाकिस्तान नेटवर्क से जुड़े ड्रग्स सिंडिकेट को भी तोड़ चुकी है। साल 2025 में चलाए गए विशेष अभियानों के तहत रायपुर पुलिस ने 271 मामलों में 445 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की नशीली सामग्री जब्त की थी। जब्त की गई सामग्री में गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर, हेरोइन, चरस, एमडीएमए, नशीली गोलियां, सिरप, कोकीन और मैजिक मशरूम शामिल हैं। …………………………… ड्रग्स तस्करी से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… रायपुर-एयरपोर्ट पर कोकीन के साथ नाइजीरियन पकड़ाया: दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट से आया था; DRI ने जब्त की 25 लाख की 270 ग्राम ड्रग्स छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने नाइजीरियन युवक को 270 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा है। जब्त कोकीन की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला माना थाना इलाके का है। पढ़ें पूरी खबर…


