योगी भतीजी की शादी में शामिल होंगे:उत्तराखंड पहुंचे, कहा- देवभूमि में पैदा हुआ, अब यूपी की सेवा का सौभाग्य मिला

सीएम योगी भतीजी की शादी में शामिल होने उत्तराखंड पहुंचे हैं। गुरुवार सुबह साढ़े 9 बजे देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वागत किया। योगी यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए यमकेश्वर के तल्ला बनास गांव पहुंचे। मां गढ़वासिनी मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए। यहां योगी को त्रिशूल भेंट किया गया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। कहा- देवभूमि में पैदा हुआ, अब यूपी की सेवा का सौभाग्य मिला। योगी 2 दिन तक अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहेंगे। आज शाम को अपनी भतीजी की मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कल शादी समारोह में भी शामिल होंगे। देवभूमि में जन्म लेने का सौभाग्य मिला
CM योगी ने कहा- उत्तराखंड देवभूमि है। दुनिया भर के लोग इस भूमि को इसी सम्मान के साथ देखते हैं। मुझे भी इसी भूमि में जन्म लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आज उत्तर प्रदेश के अंदर सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। हेल्थ और वेलनेस का सबसे अच्छा केंद्र उत्तराखंड है। यहां के लोगों ने प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को संरक्षित करने का शानदार काम किया है। योगी ने कहा- उत्तराखंड से निकली 2 पवित्र नदियां गंगा और यमुना प्रयागराज में जाकर त्रिवेणी संगम बनती हैं। जहां आज महाकुंभ हो रहा है। कहा- मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि 22-23 दिनों में महाकुंभ में 39 करोड़ लोगों ने स्नान किया। दुनिया की तीसरी बड़ी आबादी के बराबर महाकुंभ में लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। इससे ज्यादा संख्या या तो भारत की है या फिर चीन की। 26 फरवरी तक महाकुंभ चलना है। तब तक 50 करोड़ श्रद्धालुओं के प्रयागराज महाकुंभ में पहुंचने का अनुमान है। 8 महीने पहले सीएम योगी अपनी मां से मिलने आए थे उत्तराखंड
मां की तबीयत खराब होने पर सीएम योगी 8 महीने पहले उत्तराखंड के ऋषिकेश एम्स पहुंचे। वह करीब 20 मिनट मां के साथ रहे। उनका हाल-चाल पूछा। एम्स के डायरेक्टर से मुलाकात कर मां की तबीयत के बारे में जानकारी ली थी। सीएम की मां सावित्री देवी (85) आंखों में परेशानी के चलते 7 जून से एम्स में भर्ती थीं। 3 साल पहले घर जाकर मां से मिले थे योगी
2022 में सीएम योगी ने मां से मुलाकात की थी। उस वक्त सीएम मां से मिलने उत्तराखंड स्थित अपने गांव पंचूर गए थे। इस दौरान उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था। मां ने भी योगी के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया था। यह मां-बेटे के लिए काफी भावुक पल था। सीएम ने उस समय संन्यास के करीब 28 साल बाद अपने घर में रात बिताई थी। मूल रूप से पंचूर गांव के रहने वाले हैं योगी
सीएम योगी मूल रूप से पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार गांव में ही रहता है। उनकी मां सावित्री देवी हाउसवाइफ हैं। सीएम योगी समेत उनके कुल चार बेटे और तीन बेटियां हैं। उनके नाम मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शैलेंद्र मोहन, पुष्पा देवी, कौशल्या और शशि देवी हैं। उनके पिता आनंद बिष्ट का 89 साल की उम्र में साल 2020 में निधन हो गया था। तब सीएम कोविड प्रोटोकॉल के चलते पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए थे। उस दौरान सीएम योगी ने कहा था कि यूपी में कोरोना संकट और लॉकडाउन के कारण पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाऊंगा। ————————– यह खबर भी पढ़िए… प्रेमानंद महाराज ने रात की पद यात्रा बंद की:भीड़ और स्वास्थ्य को वजह बताया; 2 दिन पहले महिलाओं ने किया था विरोध संत प्रेमानंद महाराज अब रात में अपने भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। उन्होंने रात 2 बजे की पद यात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी है। मथुरा में स्थित केली कुंज आश्रम ने गुरुवार को बताया- महाराज जी के स्वास्थ और बढ़ती हुई भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *