डौंडी| ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंधोला, रजही और धोतिमटोला के पंचायत सचिवों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और अन्य सरकारी कार्यों में लगातार अनाधिकृत अनुपस्थिति और लापरवाही के कारण निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि सचिवों की लगातार अनुपस्थिति के कारण कार्य ठप हो गया था। इससे हितग्राहियों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा था और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन प्रकरण, राशन कार्ड जैसे त्वरित कार्य भी लंबित रहे। इसके अलावा सचिवों ने वीबी-जी राम जी योजना के प्रचार-प्रसार और 24 दिसंबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया, जबकि इसके लिए पूर्व में निर्देश जारी किए गए थे। निलंबित सचिवों में राजूराम रावटे ग्राम पंचायत धोतिमटोला, खिलानंद ठाकुर ग्राम पंचायत रजही, पिल्लेसिंह दुग्गा ग्राम पंचायत सिंधोला शामिल है। इस कार्रवाई से पंचायत स्तर पर कार्य में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


