अलंकार अग्निहोत्री का घर पहुंचने पर शंखनाद से स्वागत:कानपुर में लोगों ने डांस किया, नारे लगाए- शेर आया; बोले- अब SC-ST एक्ट वापस कराएंगे

माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वारंद के शिष्यों की पिटाई और UGC के विरोध में बरेली सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने इस्तीफा दिया था। इस्तीफा के 5 दिन बाद आज शनिवार को अलंकार अग्निहोत्री कानपुर में अपने घर पहुंचे। केशव नगर स्थित आवास पहुंचते ही घर की महिलाओं ने शंखनाद से उनका स्वागत किया। मां गीता अग्निहोत्री ने माला पहनाकर गले से लगाया। समर्थकों ने भी अलंकार अग्निहोत्री को फूल मालों से लाद दिया। लोगों ने नारेबाजी की- देखो देखो शेर आया… अलंकार ने सभी का अभिनंदन स्वीकार किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में अलंकार ने कहा- हमारा अगला कदम देश का एक और काला कानून SC-ST एक्ट की वापसी है। इसके तहत 95 प्रतिशत फर्जी शिकायतें दर्ज होती हैं। इसमें हमारे सामाज के सामान्य वर्ग के ब्राह्मण, क्षत्रिय, कायस्थ, वैश्य, भूमिहार और OBC वर्ग के लोग प्रताड़ित होते हैं। इसमें पैसों की वसूली की जाती है। हम नियत तिथि से 7 दिन का समय देंगे। अगर उस समय स्पेशल पार्लियामेंट्री सेशन बुलाकर इस पर सरकार फैसला नहीं लेती तो हम इस आंदोलन को दिल्ली की तरफ कूच करेंगे। मोदी और शाह की सोची-समझी साजिश
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा- यूजीसी रेगूलेशन 2026 को भारत सरकार के गजट में जारी किया गया। मैं अब साफ तौर पर नाम लेना चाहूंगा, ये मोदी और शाह की सुनियोजित, सोची और समझी साजिश है। साजिश के तहत एक ऐसा गजट तैयार करवाया, जिससे जनरल और OBC को आपस में लड़वा सको। साजिश रची गई कि 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को प्रभावित किया जाए। बजरंगबली का आशीर्वाद था कि हम लोगों का विवेक समय पर जाग उठा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस पर रोक लग सकी। सभी पार्टियां हमारे संपर्क में हैं
राजनीतिक दलों के संपर्क में रहने के सवाल पर अलंकार अग्निहोत्री ने कहा- हमारे संपर्क में सभी पॉलिटिकल पार्टी, ब्राह्मण संगठन, किसान संगठन और सवर्ण समाज, OBC संगठन हैं। SC-ST के संगठन भी हमारे संपर्क में हैं। वेस्ट इंडिया कंपनी के दो लोग लूट रहे हैं
अलंकार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- जैसे पहले ईस्ट इंडिया कंपनी लूटने आई थी, वैसे ही अब वेस्ट इंडिया कंपनी के दो लोग लूट रहे हैं। इस वेस्ट इंडिया कंपनी के CEO और MD को चार्टेड प्लेन में बैठाकर गुजरात भेजा जाएगा। कानपुर तात्याटोपे और नाना साहेब पेशवा का शहर है। यहां दांडी मार्च भी करते हैं और दंड भी देते हैं। जब यह सरकार केंद्र में आई, तबसे इनके दिमाग में यही है कि प्रदेश सरकार 1% कमीशन दे दे, हम मौज करें। ED, सीबीआई और इनकम टैक्स के चाटुकार अधिकारियों के माध्यम से सांसद और विधायकों पर दबाव बनाया जाता है। वेस्ट इंडिया कंपनी के CEO और MD अपने तरीकों से सरकार से रंगदारी मांगते हैं। स्वागत में लोगों ने डांस किया, नारे लगाए
अलंकार के घर पहुंचते ही गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया। लड्‌डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया। उसके बाद माला पहनाई गई। समर्थकों ने घर के बाहर जमकर नारेबाजी की। डांस किया। देखो-देखो कौन आया…. शेर आया शेर आया… सवर्णों के सम्मान में, अंलकार अग्निहोत्री मैदान में…. अंलकार तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं… जैसे नारों से केशव नगर मुहल्ला गूंज उठा।
26 जनवरी को इस्तीफा दिया, बोले- शंकराचार्य के अपमान से आहत हूं बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने गणतंत्र दिवस पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की वजह UGC का नया कानून और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों की पिटाई बताई है। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। शासन ने उन्हें सस्पेंड कर जांच बैठा दी है। 26 जनवरी की ही शाम करीब साढ़े 7 बजे सिटी मजिस्ट्रेट डीएम अविनाश सिंह से मिलने उनके आवास पहुंचे। बाहर आने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा- मुझे डीएम आवास में 45 मिनट बंधक बनाकर रखा गया। लखनऊ से डीएम के पास फोन आया। गाली देते हुए कहा गया पंडित पागल हो गया है। इसको रातभर बंधक बनाकर रखो। मीडिया को मैंने पहले ही बता दिया था। SSP के कहने पर मुझे छोड़ा गया। मैं अपनी जान बचाकर भागा हूं। सिटी मजिस्ट्रेट ने अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। जाते जाते उन्होंने कहा- वे आज बरेली में ही अपने परिचितों के यहां रुके हैं। उनके साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे। 5 पेज का लेटर लिखकर दिया था इस्तीफा अलंकार अग्निहोत्री ने इस्तीफे में 5 पेज का एक लेटर भी लिखा। जिसमें उन्होंने कहा- ‘प्रयागराज माघ मेले के दौरान शंकराचार्य के शिष्यों की चोटी पकड़ी गई।’ उन्होंने लिखा- ऐसी घटना किसी भी साधारण ब्राह्मण को अंदर से हिला देती है। ऐसा लगता है कि प्रशासन और मौजूदा सरकार ब्राह्मणों और साधु-संतों के खिलाफ काम कर रही है। उनकी इज्जत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ब्राह्मणों की बात करने वाला कोई नहीं है। अलंकार अग्निहोत्री ने सवाल पूछा- क्या ब्राह्मणों के नरसंहार की तैयारी है। सिटी मजिस्ट्रेट को मनाने के लिए ADM के साथ तीन अन्य अफसर पहुंचे थे। चारों अफसर करीब एक घंटे सिटी मजिस्ट्रेट के आवास में रहे। फिर लौट गए। सपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कई ब्राह्मण संगठनों के नेता अलंकार अग्निहोत्री से मिलने पहुंचे। आवास के बाहर ब्राह्मण नेताओं ने प्रदर्शन भी किया। ब्राह्मण वर्ग से आने वाले अलंकार अग्निहोत्री 2019 में PCS अफसर बने थे। उनकी 15वीं रैंक आई थी। अलंकार ऑफिस में भगवान बजरंगबली की तस्वीर लगाकर चर्चा में आए थे। भीम आर्मी ने कलेक्ट्रेट में हंगामा भी किया था। इस दौरान अफसर से नोकझोंक भी हुई थी। ———————- ये खबर भी पढ़िए- ‘ब्राह्मण सांसदों ने क्या घुंघरू पहन रखा है’: बरेली सिटी मजिस्ट्रेट बोले- हालात सिविल वॉर जैसे, नहीं जागे तो पीढ़ियां माफ नहीं करेंगी ‘क्या आप ब्राह्मणों का नरसंहार चाहते हैं। ब्राह्मण सांसद-विधायकों से पूछना चाहता हूं- क्या बहन-बेटियों का सड़कों पर रेप होगा, तब भी चुप रहोगे। क्या घुंघरू पहन रखा है, कब बोलेंगे? प्रयागराज डीएम किसके लिए रोटी सेंक रहा था? क्या वह शंकराचार्य है?’ यह बातें बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कही। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *