चूरू में छोटे भाई की सरकारी नौकरी लगने से तनाव में आए बीटेक पास युवक ने सुसाइड कर लिया। युवक रात को खाना खाकर कमरे में सोया था। गुरुवार सुबह वह मां को पंखे पर फंदे से लटका मिला। युवक के छोटे भाई का हाल ही में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) के पद पर चयन हुआ था। कोतवाली थाना के एएसआई राजेश कुमार ने बताया- वार्ड 51 निवासी राजेंद्र ने रिपोर्ट दी कि उनका बड़ा भाई नंदकिशोर (28) पुत्र सुभाष कानखेड़िया बीटेक पास था। वह काफी समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। नौकरी नहीं लगने और बेरोजगारी से परेशान होकर उसने घर के कमरे में फंदा लगा लिया। कमरे में लाइट जली देखकर पहुंची थी मां
ASI राजेश कुमार ने बताया- नंदकिशोर रात को खाना खाकर कमरे में सोया था। सुबह सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसके कमरे की लाइट जली देखकर मां कमरे की तरफ गई। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा और चिल्लाने लगी। इस पर छोटा भाई राजेंद्र कमरे में गया तो देखा कि नंदकिशोर पंखे के हुक पर लटका हुआ था। आसपास के लोगों को सूचना मिली तो वे उनके घर इकट्ठे हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। परिजनों की सहायता से शव को नीचे उतरवाकर डीबी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। छोटे भाई की एक महीने पहले लगी थी नौकरी
अस्पताल में परिजनों ने बताया- नंदकिशोर ने 2018 में भीलवाड़ा से बीटेक किया था। वह काफी दिनों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था, लेकिन बेरोजगार होने के कारण परेशान था। इसी दौरान 9 जनवरी 2025 को छोटे भाई राजेंद्र का कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) के पद पर चयन हो गया। इससे नंदकिशोर तनाव में रहने लगा था। नंदकिशोर के पिता की आटा चक्की है। घर से बाहर नहीं निकलता था
पड़ोसी गौरीशंकर ने बताया कि नौकरी नहीं लगने के कारण नंदकिशोर डिप्रेशन में आ गया था। इस कारण घर से बाहर भी नहीं निकलता था। छोटे भाई की नौकरी लगने से वह ज्यादा ही तनाव में आ गया था।


