अमृतसर रेलवे स्टेशन के अंदर एक बुज़ुर्ग महिला के साथ चैन-स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। आरोप है कि स्टेशन परिसर में चलते समय एक अज्ञात युवक ने महिला के कानों से सोने की बालियां खींच लीं और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित बुज़ुर्ग महिला ने बताया कि वह स्टेशन परिसर से गुजर रही थी, तभी एक युवक उनके साथ-साथ चलने लगा। अचानक युवक ने उनके कानों पर झपट्टा मारा और बालियां खींचकर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने मदद की और रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। सीसीटीवी में वारदात नहीं, संदिग्ध युवक दिखा घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूरी जानकारी हासिल की। पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में बालियां खींचने की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से कैद नहीं हुई है, लेकिन एक संदिग्ध युवक महिला के साथ-साथ चलते हुए जरूर दिखाई दे रहा है। रेलवे पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही स्टेशन के अन्य कैमरों और आसपास के इलाकों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। आरोपी की तलाश तेज, सुरक्षा पर उठे सवाल पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों ने मांग की है कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


