धौलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक घंटाघर पर शनिवार को एक सांड चढ़ गया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सांड को घंटाघर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और सांड को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड अचानक घंटाघर की ऊंचाई तक पहुंच गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। नगर पालिका कर्मियों ने सांड को उतारने के लिए रस्सियों और अन्य उपायों का सहारा लिया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। धौलपुर जिले का यह घंटाघर जिले का सबसे ऊंचा घंटाघर है। ऐसे में इतनी ऊंचाई से एक सांड को सुरक्षित नीचे उतारना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। नगर परिषद के लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार सांड को सुरक्षित रूप से घंटाघर से नीचे उतार लिया गया।


