रांची | कोलकाता में बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में भाग लेने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ कालीघाट शक्तिपीठ मंदिर पहुंचे। वहां विधि-विधान से मां काली की पूजा की। झारखंड की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कल्पना सोरेन को मंदिर का सिंदूर भी लगाया। हेमंत और कल्पना की शादी 7 फरवरी 2006 को हुई थी। शुक्रवार को उनकी शादी की 19वीं सालगिरह है। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि झारखंड और बंगाल में निवेश और विकास की असीम संभावनाएं हैं। बंगाल समिट में पहुंचे कई उद्योगपति झारखंड में निवेश के लिए इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के विकास में विदेशी निवेशकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यक्रम के पहले दिन बुधवार को सीएम को झारखंड में करीब 26 हजार करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मिला था।


