भास्कर न्यूज| लुधियाना अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) जनपथ, इस्कॉन मंदिर स्टेयरिंग बोर्ड के सहयोग से 9 फरवरी को भव्य श्रीश्री गौर निताई रथयात्रा निकालेगा। यह यात्रा दोपहर 12 बजे प्राचीन गऊशाला, डिवीजन नंबर 3 से शुरू होगी। यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए संध्या फेरियों का आयोजन किया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर से पंडित सोनू शर्मा, प्रदीप धवन, कपिल घई, सुशील चोपड़ा के संयोजकत्व में भव्य संध्या फेरी का आयोजन किया गया। प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर से निकली संध्या फेरी का रथ यात्रा कार्यालय पहुंचने पर फूलों के गलीचे बिछाकर स्वागत किया गया। इस दौरान इस्कॉन जनपथ और बोर्ड के पदाधिकारियों सहित शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस्कॉन जनपथ व बोर्ड के अध्यक्ष रक्षा नाथ दास, राजेश ढांडा, अमित गर्ग, योगेश गुप्ता ने बताया कि 1100 भक्त राजस्थानी पगड़ियां पहनकर भगवान गौर निताई के रथ को नंगे पांव खींचेंगे। रथ पर बंगाली कारीगरों द्वारा अद्भुत फूल बंगला बनाया जाएगा। आयोजन समिति ने भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की।


