700 प्रेशर हॉर्न और साइलेंसर पर बुलडोजर:रांची में ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, एसपी बोले – अब तेज और भ्रामक लाइट्स पर कार्रवाई

राजधानी रांची में शनिवार को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर की अगुवाई में रांची पुलिस ने पुलिस लाइन परिसर में जब्त किए गए प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर को बुलडोजर से नष्ट कर दिया। इस दौरान 250 से ज्यादा प्रेशर हॉर्न और करीब 400 साइलेंसर पर एक साथ बुलडोजर चलाया गया। यह कार्रवाई शहर में शोर प्रदूषण और ट्रैफिक अव्यवस्था पर लगाम कसने के उद्देश्य से की गई। एक महीने में 700 से अधिक जब्ती ट्रैफिक पुलिस ने बीते एक महीने के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में विशेष अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत 700 से ज्यादा बाइक और कार चालकों का चालान काटा गया। जांच के दौरान पाया गया कि कई वाहन चालकों ने अपने वाहनों में अवैध रूप से प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रखे थे। नियमों के अनुसार ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे तेज और असहनीय आवाज होती है। पुलिस ने चालान के साथ-साथ इन उपकरणों को जब्त कर लिया था, जिन्हें शनिवार को नष्ट किया गया। आम लोगों की परेशानी बनी कारण ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण आम लोगों को काफी परेशानी होती थी। खासकर अस्पतालों के आसपास और रात के समय तेज आवाज से मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसको लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाया और अब यह कार्रवाई ग्रामीण क्षेत्रों में भी की जाएगी, ताकि वहां के लोगों को भी राहत मिल सके। नियम तोड़ने वालों के लिए सख्त संदेश मौके पर मौजूद ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने कहा कि यह कार्रवाई नियम तोड़ने वालों के लिए एक स्पष्ट संदेश है। उन्होंने बताया कि केवल साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न ही नहीं, बल्कि वाहनों में लगी ऐसी तेज और भ्रामक लाइट्स को भी नष्ट किया गया है, जो सड़क पर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *