20 पंचायतों में सरपंच, 11 में सरपंच-पंच निर्विरोध चुने

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले की 169 ग्राम पंचायतों में इस बार अभी तक 20 ग्राम पंचायत के सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इसमें से 11 ग्राम पंचायत ऐसी भी हैं, जिसमें सरपंच के साथ-साथ पंच भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने वाले ज्यादातर पंच, सरपंच इस वर्ष बनाई गई नवीन ग्राम पंचायतों के हैं, इसमें कुआकोंडा ब्लॉक के कलेपाल, तनेली, कुटरेम, मुलेर ग्राम पंचायत शामिल हैं। कटेकल्याण ब्लॉक की बड़ेगादम, प्रतापगिरी, नडेनार, दुवालीकरका, छोटे तोंगपाल की ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। दंतेवाड़ा ब्लॉक के बड़ेबचेली, नेरली, मंगनार, कुंदेली, झिरका, कमालूर ग्राम पंचायत में सरपंच से लेकर पंच तक निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। गीदम ब्लाक में हिरपाल, हरला, नेलगुड़ा, बुथपदर, कारली टू 5 ग्राम पंचायत में पंच और सरपंच सब निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। दंतेवाड़ा जिले में 169 ग्राम पंचायत के चुनाव के लिए इस बार युवाओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। जिले में 10 जिला पंचायत सदस्य, 45 जनपद सदस्य, 169 सरपंच, 2052 पंच के पदों के लिए चुनाव होने हैं। गीदम ब्लॉक में जिला पंचायत सदस्य की 3, दंतेवाड़ा में 3, कुआकोंडा और कटेकल्याण में 2-2 जिला पंचायत सदस्य के पद हैं। जिला पंचायत सदस्य की 2 सीट मुक्त है बाकी सभी आरक्षित हैं। जिले में 169 ग्राम पंचायत में ऐसी एक भी पंचायत नहीं है जहां पंचायत चुनाव नहीं हो रहे हैं। नक्सल क्षेत्रों में भी इस बार सभी जगह पंच, सरपंच, जनपद सदस्य के लिए नामांकन जमा किए गए हैं। जिले के अति संवेदनशील बुरगुम, तेलम, टेलम, नहाडी, निलावाया सभी जगह पंचायत चुनाव को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *