धौराभाठा | तमनार ब्लॉक की ग्राम पंचायत धौराभाठा में संचालित आदर्श ग्राम्य भारती विद्यामंदिर में 27 जनवरी को वार्षिक सम्मेलन सह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और सामाजिक चेतना की सुंदर झलक दिखाई दी। समारोह में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें छत्रपति शंभाजी महाराज पर नाटक, चार युगों का सजीव वर्णन, एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रस्तुति, दादा-दादी स्वागत, ऑपरेशन सिंदूर, नारी शक्ति, गणेश जन्म नाटक और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित नाटक शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया और बच्चों की रचनात्मक क्षमता उजागर हुई। विद्यालय प्रबंधन ने 100 प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को केजी से 8वीं और 9वीं से 12वीं तक सम्मानित किया। स्वच्छता पुरस्कार के तहत हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही पिछले शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को केजी से तीसरी, छठवीं से आठवीं और 9वीं से 12वीं तक पुरस्कृत किया गया।


