फाजिल्का जिले में जलालाबाद के अरनीवाला क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां सीनियर कांग्रेस नेता और जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष बीडी कालड़ा ने आम आदमी पार्टी के विधायक गोल्डी कंबोज के काम की खुलकर प्रशंसा की। विधायक गोल्डी कंबोज ने इस अवसर पर अरनीवाला की मेन मार्केट रोड के निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा। इस सड़क पर लगभग 18 लाख 40 हजार रुपये की लागत आएगी। विधायक ने बताया कि इस इलाके में लंबे समय से सीवरेज और वाटर सप्लाई की गंभीर किल्लत थी। जनता की मांग को देखते हुए उन्होंने पहले सीवरेज का काम मुकम्मल करवाया, फिर वाटर सप्लाई की व्यवस्था की और अब इन कामों के पूरा होने के बाद मुख्य सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया जा रहा है, ताकि लोगों को आवाजाही में कोई दिक्कत न हो। कालड़ा बोले- मैं कांग्रेस रहूंगा, काम के लिए सरकार का अभार कालड़ा ने स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस में हैं और हमेशा कांग्रेस में ही रहेंगे, लेकिन जो काम पिछले कई वर्षों में उनकी अपनी सरकारें नहीं कर पाईं, वह विधायक कंबोज ने कर दिखाया है। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या के समाधान और खेतों के लिए नालों के निर्माण को लेकर सरकार का आभार जताया।
लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध करना बड़ी उपलब्धि कांग्रेस नेता बी.डी. कालड़ा ने विधायक की कार्यशैली पर मुहर लगाते हुए कहा कि सड़कें बनाना एक सामान्य प्रक्रिया हो सकती है, लेकिन इस सरकार ने अरनीवाला के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाकर बहुत बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से खेतों के लिए पक्के नाले बनवाना किसानों के लिए वरदान साबित हुआ है। कालड़ा के अनुसार, विधायक कंबोज के ये प्रयास तारीफ के काबिल हैं क्योंकि उन्होंने उन बुनियादी जरूरतों को पूरा किया है जिन्हें पिछली सरकारें नजरअंदाज करती रही थीं। विधायक बोले-बिना भेदभाव के होंगे काम विकास कार्यों की इस पहल से अरनीवाला के स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है। विधायक गोल्डी कंबोज ने भरोसा दिलाया कि हल्के के हर हिस्से में बिना किसी भेदभाव के बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। मौके पर मौजूद लोगों ने रोड निर्माण शुरू होने पर विधायक का स्वागत किया। विपक्षी नेता द्वारा की गई यह प्रशंसा न केवल विधायक के कद को बढ़ाती है, बल्कि क्षेत्र में ‘काम की राजनीति’ को लेकर एक नई चर्चा भी छेड़ दी है।


