भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने के बाद कोटा में पंकज मेहता का भाजपा कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन के साथ भव्य स्वागत किया। जीएडी सर्किल पर हुए स्वागत समारोह में माल्यार्पण, साफा पहनाकर और जोरदार नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का अभिनंदन किया। इस दौरान संबोधित करते हुए पंकज मेहता ने कांग्रेस पर सीधा और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज राजनीतिक रूप से पूरी तरह खोखली हो चुकी है। पार्टी न तो कोई दिशा दे पा रही है और न ही जनता से जुड़े मुद्दों पर कोई स्पष्ट रुख रखती है। कांग्रेस अब गुटों में बंटी एक विफल राजनीतिक इकाई बनकर रह गई है, जहां नेतृत्व नाम मात्र का है। मेहता ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल भ्रामक और गैर-जिम्मेदार बयानों तक सीमित रह गई है। जनता इन बयानों को गंभीरता से नहीं लेती, क्योंकि कांग्रेस ने बार-बार देशहित के मुद्दों से किनारा किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस ने नकारात्मक राजनीति को ही अपना एकमात्र हथियार बना लिया है। कोटा की राजनीति पर प्रहार करते हुए पंकज मेहता ने कहा कि यहां कांग्रेस की गुटबाजी बार-बार उजागर हो रही है। संगठन में आपसी टकराव और नेतृत्व संकट ने कांग्रेस को कमजोर कर दिया है। वहीं भाजपा एकजुट होकर जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। पकंज मेहता पूर्व में कांग्रेस में ही थे, प्रदेश महासचिव का कार्यभार संभाल रहे थे। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था।


