डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के पाल कोलखंडा गांव में शुक्रवार देर शाम आपसी रंजिश के चलते एक भतीजे ने अपने चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस दौरान उसने अपने चचेरे भाई पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोवड़ा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि पाल कोलखंडा निवासी हितेश परमार ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, दो-तीन महीने पहले हितेश के ताऊ हरीश की छोटी बेटी कहीं चली गई थी। इस बात को लेकर हरीश और उनकी पत्नी लगातार हितेश के माता-पिता पर शक करते थे। इसी शक के चलते वे आए दिन हितेश के माता-पिता से गाली-गलौज और झगड़ा करते थे। शुक्रवार शाम को भी हरीश की पत्नी और बेटी हितेश की मां के साथ झगड़ा कर रही थीं और मारपीट पर उतारू हो गईं। जब हितेश और उसके पिता देवीलाल बीच-बचाव करने गए, तो हितेश के ताऊ हरीश और चचेरा भाई चंद्रप्रकाश भी वहां आ गए। चंद्रप्रकाश ने हितेश के पिता देवीलाल के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। चंद्रप्रकाश ने हितेश पर भी चाकू से वार किया, जिससे वह भी घायल हो गया। दोनों घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देवीलाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने चंद्रप्रकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


