भास्कर न्यूज| अमृतसर वार्ड-30 में 13 दिनों से सीवरेज का गंदा पानी निकालने वाली मोटर खराब पड़ी है। जिस कारण 6 इलाकों के लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है। पार्षद अवतार सिंह ट्रकांवाला अपने वार्ड की इस गंभीर समस्या से मेयर जतिंदर मोती भाटिया को फोन पर और मुलाकात करके भी अवगत करा चुके हैं। इसके बाद मेयर दफ्तर से संबंधित अफसरों को निपटारा कराने के लिए फोन भी जा चुका। लेकिन एक-दो दिन का समय मांगकर मामले को टरका दिया जा रहा है। हैरानी तो यह है कि जब पार्षद की सुनवाई नहीं हो रही तो आम लोगों का क्या होगा। वहीं एक्स-ईएन पर आरोप लग रहा कि सुनवाई करने की तो दूर फोन तक नहीं उठाता। बता दें कि मोटर खराब होने पर स्पेयर मोटर रखनी चाहिए। लेकिन वार्डों में लोगों को क्या मुश्किलें आ रही इससे निगम अफसरों-मुलाजिमों को कोई लेना-देना नहीं है। हैरानी तो यह है कि शहर को मेयर मिले 9 दिन बीत चुके लेकिन सीनियर डिप्टी मेयर-डिप्टी मेयर गायब हैं। इसके बाद भी आप पार्टी के पदाधिकारी व नेता शहर का विकास करने के दावे और राग अलाप रहे। पार्षद ट्रकांवाला व एडवोकेट पीसी शर्मा ने बताया कि दुर्गंध के कारण इलाके में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। दावे करने से विकास कार्य नहीं होते। इसके लिए फील्ड में उतरना होगा। जिस तरह से चुनाव के दौरान हाथ जोड़कर घरों में जाते थे, वैसे ही गंदा पानी-कूड़े के ढेर व दूसरी समस्याओं को देखने के लिए पहुंचे। बजाए बहानेबाजी के मौके पर ही निपटारा कराएं। उन्होंने बताया कि ईस्ट मोहन नगर, अजीत नगर, मोहन नगर, रामनगर, उत्तम नगर व कोट भगत सिंह इलाके के लोगों के घरों में गंदा पानी जा रहा है। लोगों में निगम अफसरों व सरकार के प्रति काफी रोष भी व्याप्त है। ^उनके नोटिस में यह मामला नहीं था। तत्काल संबंधित अफसर को निर्देश देंगे कि समस्या का निपटारा कराकर रिपोर्ट सौंपे। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। -सुरिंदर सिंह, एडिशनल कमिश्नर निगम


