फरीदकोट जिला पुलिस ने 2 अलग अलग मामलों में 183 ग्राम हेरोइन बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में नशा विरोधी मुहिम के तहत पहले मामले में सीआईए स्टाफ फरीदकोट की टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान गांव ढिलवां कलां के पास स्विफ्ट कार सवार एक युवक से 132 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान इन दिनों जैतो में किराए के घर मे रहते मोगा के बीड़ राउके निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ बिंदर के रूप में हुई। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह दूसरे मामले में सीआईए स्टाफ जैतो ने गांव रोड़ीकपूरा से कासम भट्टी जाने वाली लिंक रोड से मोटरसाइकिल सवार गांव कासम भट्टी निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ बब्बा और सन्नी को 51 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। दोनों की पूछताछ के बाद उनके एक अन्य साथी गांव फतेहगढ़ दबड़ीखाना निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मोनू को भी नामजद कर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना जैतो में केस दर्ज किया है। रिमांड पर लेकर बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की जांच करेंगे-डीएसपी इस मामले में डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से लवप्रीत सिंह उर्फ बिंदर के खिलाफ 4 और बलजिंदर सिंह के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं। अब इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा सके।


