जयपुर में गुरुवार को राजस्थान युवा कांग्रेस की ओर से बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से विरोध मार्च करते हुए कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय का घेराव करने निकले। लेकिन संसारचंद्र रोड पर उन्हें पुलिस ने रोक लिया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया और कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सूरा शामिल नहीं थे। भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने की योजना थी, लेकिन प्रदर्शनकारी संसारचंद्र रोड से आगे नहीं बढ़ पाए। प्रशासन ने संभावित हंगामे को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। यह प्रदर्शन राहुल गांधी के आह्वान पर किया गया था। राहुल गांधी ने लोकसभा में बुधवार को बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि एनडीए सरकार रोजगार सृजन में विफल रही है। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ को विफल बताते हुए कहा कि जीडीपी में विनिर्माण की हिस्सेदारी 2014 के 15.3 प्रतिशत से घटकर 12.6 प्रतिशत हो गई है, जो पिछले 60 वर्षों का सबसे निचला स्तर है। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए एक नए विजन की आवश्यकता पर भी बल दिया।


