जिला प्रभारी मंत्री करेंगे विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत:राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर जिला स्तर पर होंगे कई कार्यक्रम

राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 12 से 15 दिसम्बर तक राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय के ऑडिटोरियम में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जिला प्रभारी एवं सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग मंत्री गौतम कुमार दक गुरूवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 12 दिसम्बर को प्रातः 7:30 बजे इन्दिरा मैदान से पुलिस लाईन तक रन फॉर विकसित राजस्थान का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूल, कॉलेजों के विद्यार्थी, पुलिस व आरएसी के जवान, वनकर्मी, सभी विभागाध्यक्ष मय स्टॉफ, जनप्रतिनिधि, नागरिक संगठन, आमजन, भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 12 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय के ऑडिटोरियम में युवा सम्मेलन व रोजगार उत्सव का जोधपुर से लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा लाभार्थियों से संवाद करेंगे और नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र एवं वेलकम किट प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान छात्र-छात्राओं को टेबलेट, साईकिल, स्कूटी एवं व्यवसायिक टूल किट का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर एक वर्ष परिणाम उत्कर्ष की थीम पर जिला विकास पुस्तिका का विमोचन भी प्रभारी मंत्री करेंगे। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर 3 बजे इन्दिरा मैदान में राज्य सरकार द्वारा एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों की जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का जिला प्रभारी एवं सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग मंत्री फीता काटकर उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी स्थल पर पंच गौरव का शुभारम्भ कर संबंधित विभागों द्वारा पंच गौरव का प्रदर्शन किया जायेगा। इस दौरान उद्यान विभाग सवाई माधोपुर द्वारा फल-फूल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रभारी मंत्री करेंगे प्रेसवार्ता जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक कार्यक्रम के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता कर मीडिया से रूबरू होंगे और राज्य सरकार के एक वर्ष कार्यकाल में अर्जित जिले की उपलब्धियों के बारे में मीडिया को जानकारी देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *