नंदी को विस्फोटक खिलाया, मुंह-जबड़ा फटा:गोसेवकों में आक्रोश, दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बाजार बंद की चेतावनी

हनुमानगढ़ जिले में गोवंश के प्रति क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने एक नंदी को विस्फोटक पदार्थ खिला दिया, जिससे उसका मुंह और जबड़ा फट गया। नंदी की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने पर शनिवार सुबह गोसेवकों ने उसे टाउन स्थित फाटक गोशाला पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। इस घटना से गोसेवकों में भारी आक्रोश है। शनिवार को गोसेवकों ने टाउन पुलिस थाने में परिवाद प्रस्तुत कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। गोसेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने दो दिन के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो सोमवार को बाजार बंद करवाया जाएगा। गोसेवा दल के सदस्य विजय जांगिड़ ने बताया कि यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी प्रकार की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फाटक गोशाला में गोवंश का उपचार कर रहे चिकित्सकों ने भी इस बात की पुष्टि की है। गोसेवकों का कहना है कि यदि कोई नंदी फसलों या अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, तो सरकार द्वारा गांवों और शहरों में संचालित नंदीशालाओं में उन्हें रखने की व्यवस्था है। लोग चाहें तो नंदी को वहां छोड़ सकते हैं या गोसेवकों को सूचना दे सकते हैं। उन्होंने जोर दिया कि इस तरह की अमानवीय और हिंसक घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। गोसेवकों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *