राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को अलवर जिले के थानागाजी कस्बे में भव्य भगवा रैली का आयोजन किया गया। रैली और विशाल हिंदू सम्मेलन में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा कस्बा भगवामय नजर आया। 15 दिन पहले यहां पहुंचे कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी मीणा ने ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों के साथ पारंपरिक अंदाज में जमकर नृत्य किया था। अंगारी मंडल में महंत 108 श्री देवानाथ जी के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम ने धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को और अधिक ऊर्जा से भर दिया। शनिवार को थानागाजी कस्बे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित भगवा रैली मुख्य बाजारों से होते हुए गुढा चुरानी स्थित देवानाथ जी आश्रम पहुंची। रैली के दौरान स्थानीय निवासियों और व्यापारी बंधुओं ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। भगवा ध्वजों और जयघोष के साथ निकली रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। विशाल हिंदू सम्मेलन का हुआ आयोजन अंगारी मंडल में महंत 108 श्री देवानाथ जी के सानिध्य में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जहां धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता को लेकर विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम में रोहिताश घांघल सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से अमरसिंह, मुन्नालाल, जितेंद्र, नवरतन सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। तीन सप्ताह पहले आए थे डॉ. किरोड़ी लाल मीणा
गौरतलब है कि कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा करीब 15 दिन पहले थानागाजी के पास हरनेर गांव में ओउम बाबा की डूंगरी पर पहुंचे थे। इस दौरान डॉ. मीणा ने ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों के साथ पारंपरिक अंदाज में जमकर नृत्य किया था। हरनेर गांव में ओउम बाबा की डूंगरी पर हरनेर, भांगडोली और थैतल गांव के ग्रामीणों की ओर से 21 कुंडीय यज्ञ का आयोजन भी किया गया था।(पूरी खबर पढ़ें) कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया, वहीं युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।


